जामताड़ा
जामताड़ा के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नवाडीह दुर्गापुर गांव के पास मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया. बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट होने से पुआल से लदी एक पिकअप वैन आग की चपेट में आकर धू-धू कर जल उठी. इस घटना में वाहन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी जान बचा ली, हालांकि वाहन पर लदा हजारों रुपये मूल्य का पुआल पूरी तरह जलकर राख हो गया. जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल नंबर (WB 37C) की एक पिकअप वैन नाला क्षेत्र से पुआल लादकर कर्माटांड़ के ईदगाह मोड़ की ओर जा रही थी. जैसे ही वाहन नवाडीह दुर्गापुर गांव के पास पहुंचा, भीषण गर्मी और ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया. इसके बाद तार टूटकर सीधे पिकअप वैन पर गिर गया.

चालक ने कूदकर बचाई जान
तार गिरते ही वाहन में करंट फैल गया और उसमें लदा पुआल तुरंत आग पकड़ लिया. स्थिति को भांपते हुए चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई. कुछ ही पलों में आग ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने बिना देर किए अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. उनकी तत्परता के कारण आग को वाहन के मुख्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया. हालांकि, तब तक पुआल पूरी तरह जल चुका था.

समय पर आती दमकल की गाडी तो नहीं तो इतना नुकसान: ग्रामीण
घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली. ग्रामीणों ने क्षेत्र में दमकल वाहन की अनुपलब्धता पर सवाल उठाए. उनका कहना था कि यदि समय पर फायर ब्रिगेड उपलब्ध होती, तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था. बाद में सूचना मिलने पर जिला मुख्यालय से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया गया.
